एचआईएल : मुंबई ने उप्र को हरा जिंदा रखीं उम्मीदें

लखनऊ, 6 फरवरी (आईएएनएस)। दबंग मुंबई ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण में शनिवार को हुए पूल मुकाबले में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 2-1 से हरा दिया। इसके साथ ही मुंबई ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी जिंदा रखी हैं।

जीत के बावजूद मुंबई 14 अंकों के साथ अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर ही है, जबकि उप्र हार के बावजूद 18 अंकों के साथ एक स्थान ऊपर तीसरे पायदान पर पहुंच गए।

मुंबई अब तक खेले छह मैचों में चार हार चुकी है, जबकि सिर्फ दो मैचों में उसे जीत नसीब हुई। वहीं उप्र ने अब तक खेले सात मैचों में तीन जीत हासिल की है, जबकि चार मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी है।

मैच के दोनों ही गोल पहले क्वार्टर में हुए। इसके बाद शेष तीनों क्वार्टर गोलरहित बीते।

मैच के आठवें मिनट में जोहान जोर्कमैन ने रोशन मिंज के पास पर गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश के बेहतरीन प्रयास को विफल करते हुए शानदार फील्ड गोल किया और मेहमान टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

उल्लेखनीय है कि एचआईएल के मौजूदा संस्करण में फील्ड गोल को दो गोल के बराबर माना जा रहा है।

छह मिनट बाद ही पेनाल्टी कॉर्नर पर गुरिंदर सिंह ने मेजबान उत्तर प्रदेश के लिए पहला गोल हासिल कर स्कोर 1-2 से कम कर लिया।

हालांकि इसके बाद दोनों ही टीमें गोल के लिए तरसती रहीं और पहले क्वार्टर का स्कोर ही निर्णायक स्कोर साबित हुआ।

मुंबई अब नौ फरवरी को दिल्ली वेवराइडर्स के खिलाफ, जबकि उप्र 10 फरवरी को पंजाब वॉरियर्स के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493