नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। 35 फुट बर्फ के नीचे से छह दिन बाद जिंदा निकले लांस नायक हनमनथप्पा कोप्पड़ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। आर्मी रिसर्च और रेफरल अस्पताल में उनका इलाज कर रहे चिकित्सक ने बुधवार को यह बात कही।
एक चिकित्सक ने आईएएनएस से कहा, “सैनिक की हालत अभी भी नाजुक है। हम उनकी देखभाल अच्छे तरीके से कर रहे हैं।”
अस्पताल से जारी एक बयान में कहा गया है, “सैनिक अभी भी परेशानी से जूझ रहे हैं। उनकी हालत अभी भी नाजुक है। वह अस्पताल आने के बाद से ही वेंटिलेटर पर हैं।”
बयान में कहा गया है, “स्वास्थय दल उनकी पूरी देखभाल कर रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। उनका इलाज सवश्रेष्ठ तरीके से किया जा रहा है।”
चिकित्सक ने हालांकि उनके चमत्कारिक रूप से बचने पर टिप्पणी करने पर यह कहते हुए इनकार कर दिया कि उन्हें नहीं पता कि वहां वास्तव में क्या हुआ था।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “जब लांस नायक होश में आ जाएंगे तभी पता चलेगा की वह कैसे बचने में कामयाब रहे।”
तीन फरवरी को कोप्पड़ और नौ अन्य सैनिक करीब 19,500 फुट की ऊंचाई पर सियाचिन ग्लेशियर में हुए हिमस्खलन में दब गए थे। सोमवार को कोप्पड़ चमत्कारिक रूप से जिदा निकाले गए थे।
लांस नायक की हालात उस समय काफी नाजुक थी। उनमें अत्यधिक निर्जलीकरण, हाइपोथर्मिया की समस्या पैदा हो गई थी।
कोप्पड़ का रक्तचाप काफी घट गया था और उन्हें इस समय आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
उन्हें निमोनिया की शिकायत भी बताई गई है साथ ही उनका किडनी और लीवर भी खराब हो गया है।
dharmpath.com dharmpath