वाशिंगटन, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका में शिकागो पुलिस विभाग के खिलाफ भेदभाव के एक मुकदमे में अदालत ने भारतीय मूल के एक व्यक्ति को 31 लाख डालर मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह भारतवंशी उन 47 आव्रजकों में शामिल है जिन्हें विदेश में जन्म लेने की वजह से पुलिस अफसर की नौकरी देने से मना कर दिया गया था।
द अमेरिकन बाजार ने गुरुवार को बताया कि भारतवंशी मसूद खान को बेलीज में पैदा हुए ग्लेनफोर्ड फ्लावर्स के साथ 31 लाख डालर का मुआवाजा मिला है। इन्हें नियुक्ति की भेदभावपूर्ण नीति का पीड़ित करार दिया गया है।
इन दोनों लोगों ने 2006 की पुलिस परीक्षा दी थी और उत्तीर्ण हुए थे। लेकिन, इनकी दावेदारी को इस आधार पर खारिज कर दिया गया था कि इनकी अमेरिका में रहने की अवधि 10 साल से कम थी।
इन्होंने भेदभाव का मामला दर्ज किया। इसे अमेरिका के समान रोजगार अवसर आयोग ने सही पाया और मामले को न्याय विभाग को सौंप दिया।
शिकागो की नगर परिषद की वित्त समिति सोमवार को 31 लाख डालर की अदायगी पर हस्ताक्षर कर सकती है।
dharmpath.com dharmpath