कटक, 13 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई ने मध्य प्रदेश के खिलाफ डीआरआईईएमस मैदान पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के पहले दिन शनिवार को सधी शुरुआत करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 327 रन बना लिए हैं।
मुंबई की तरफ से श्रेयष अय्यर ने सर्वाधिक 90 रनों का योगदान दिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक सिद्धेष लाड 58 और शार्दुल ठाकुर आठ रन पर नाबाद लौटे।
मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चंद्रकांत साकुरे ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए 24 के कुल स्कोर पर टीम को पहली सफलता दिला दी। उन्होंने अखिल हेरवाडकर (16) को विकेट के पीछे नमन ओझा के हाथों कैच करा पेवलियन भेजा।
दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अय्यर ने भाविन ठक्कर (30) के साथ पारी को संभाला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की।
साकुरे ने ठक्कर को 112 के कुल स्कोर पर पवेलियन अपना दूसरा शिकार बनाया। टीम के खाते में एक रन ही जुड़ा था कि सूर्यकुमार यादव (0) के रूप में ईश्वर पांडेय ने टीम को तीसरी सफलता दिला दी।
कप्तान आदित्य तारे (68) ने अय्यर के साथ पारी को आगे बढ़ाते हुए चौथे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। साकुरे ने अय्यर को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। अय्यर ने अपनी पारी में 104 गेंदों का सामना किया और 13 चौके और एक छक्का लगाया।
इसके बाद तारे ने लाड के साथ पांचवें विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तारे 235 के कुल स्कोर पर जगदीप बावेजा का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 117 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके लगाए।
अभिषेक नायर (43) ने लाड का बखूबी साथ दिया और दोनों ने छठे विकेट के लिए 75 रन जोड़ डाले। नायर को ईश्वर ने पवेलियन भेजा।
मध्य प्रदेश की तरफ से साकुरे ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। ईश्वर को दो और बावेजा को एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath