वाशिंगटन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि वह न्यायमूर्ति एंटोनिन स्कालिया के निधन से खाली हुई जगह पर एक नए न्यायमूर्ति की नियुक्ति करने की योजना बना रहे हैं। न्यायमूर्ति की नियुक्ति का यह मामला डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी के बीच पहले से ही विवादों में आ गया है। ओबामा के ऐलान के बाद इसके और भड़कने के आसार हैं।
वाशिंगटन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि वह न्यायमूर्ति एंटोनिन स्कालिया के निधन से खाली हुई जगह पर एक नए न्यायमूर्ति की नियुक्ति करने की योजना बना रहे हैं। न्यायमूर्ति की नियुक्ति का यह मामला डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी के बीच पहले से ही विवादों में आ गया है। ओबामा के ऐलान के बाद इसके और भड़कने के आसार हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ओबामा ने शनिवार को कहा, “आज का दिन न्यायमूर्ति स्कालिया की विरासत को याद करने का है। मैं उनके उत्तराधिकारी को नामांकित करने का अपना संवैधानिक दायित्व निश्चित समय में निभाऊंगा।”
ओबामा ने कहा, “मेरे पास इसके लिए अभी काफी दिन बचा हुआ है। सीनेट के पास भी नामित व्यक्ति को सुनने और उसके चयन पर मतदान के लिए पर्याप्त समय है।”
स्थानीय मीडिया रपटों के मुताबिक, स्कालिया का निधन टेक्सास की यात्रा के दौरान उस वक्त हुआ, जब वह सो रहे थे। उनकी मौत की निश्चित वजह का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक सूचना में कहा गया है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है।
स्कालिया (79) सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के पद तक पहुंचने वाले इटली मूल के पहले अमेरिकी थे। उन्हें पारंपरिक विचारों का माना जाता था। उनके निधन के बाद इस बात की संभावना जताई जा रही है कि उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति को लेकर लंबा विवाद हो सकता है।
सीनेट में बहुमत के नेता रिपब्लिकन मिच मैक्कोनेल ने स्कालिया के निधन के फौरन बाद कहा कि स्कालिया की जगह पर किसी और न्यायमूर्ति की नियुक्ति राष्ट्रपति पद का चुनाव होने के बाद होनी चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय के नामांकित न्यायमूर्तियों की मंजूरी देने के कार्यक्रम को तैयार करने की जिम्मेदारी इन्हीं की है।
मैक्कोनेल ने एक बयान में कहा, “अमेरिकी अवाम को सर्वोच्च न्यायालय के नए न्यायमूर्ति की नियुक्ति में अपनी राय देने का हक होना चाहिए। इसलिए इस रिक्त जगह को नए राष्ट्रपति की नियुक्ति के बाद ही भरा जाना चाहिए।”
सीनेट के अल्पमत के नेता डेमोक्रेटिक पार्टी के हैरी रीड ने मैक्कोनेल के बयान की तीखी आलोचना की है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में पद को एक साल के लिए रिक्त छोड़े जाने को ‘अभूतपूर्व’ करार देते हुए कहा, “यह सुझाव सीनेट द्वारा अपनी सर्वाधिक महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी को शर्मनाक तरीके से त्यागना है।”
स्कालिया के निधन के बाद सर्वोच्च न्यायालय में आठ न्यायमूर्ति बचे हैं। इसका मतलब यह हुआ कि किसी मामले में चार-चार न्यायमूर्ति अलग-अलग पक्ष में हो सकते हैं और ऐसा होने पर फैसला होना मुश्किल हो जाएगा। ओबामा की स्वच्छ ऊर्जा योजना और आव्रजन संबंधी कार्यकारी फैसले इसकी चपेट में आ सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath