मैनचेस्टर, 16 फरवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब-मैनचेस्टर युनाइटेड के कप्तान वायने रूनी का कहना है कि टीम के खराब प्रदर्शन के लिए कोच लुइस वान गाल की जगह टीम के खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराना चाहिए।
क्लब इस सत्र में चैम्पियंस लीग में ग्रुप स्तर से आगे नहीं बढ़ सका और इसके बाद इंग्लिश प्रीमियर लीग में क्लब शीर्ष-4 स्थान पाने के लिए संघर्ष कर रहा है लेकिन उसके लिए ऐसा कर पाना बेहद कठिन दिख रहा है।
कप्तान रूनी का मानना है कि इसके लिए खिलाड़ी जिम्मेदार हैं जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।
उन्होंने कहा, “हमारे पास काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। कई बार बुरा लगता है कि अच्छे खिलाड़ी होने के बाद भी हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते। मैनेजर ने इसके लिए काफी आलोचना झेली है। अब समय है कि खिलाड़ी इसकी जिम्मेदारी लें। हम खिलाड़ी हैं और हमें मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना होगा।”
उन्होंने कहा, “हम कई बार ऐसा नहीं कर पाते जिसके बाद मैनेजर को काफी कुछ सुनना पड़ता है। हमें मैदान पर जाकर अच्छा प्रदर्शन करना होगा और मौकों को भुनाना होगा।”
dharmpath.com dharmpath