मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। हेमा मालिनी के म्यूजिक अल्बम ‘ड्रीमगर्ल’ के अनावरण के मौके पर 40 साल बाद फिल्म ‘शोले’ के धर्मेद्र, अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, जया बच्चन और निर्देशक रमेश सिप्पी साथ नजर आए।
हेमा की म्यूजिक अल्बम ‘ड्रीमगर्ल’ सोमवार रात यहां जारी की गई।
बिग बी ने मंगलवार सुबह ट्विट किया, “हेमा मालिनी के म्यूजिक अल्बम के अनावरण पर 40 साल बाद आज शाम (सोमवार रात) ‘शोले’ की टीम एक साथ नजर आई। “
उन्होंने कहा, “हमारी टीम के संजीव कुमार और अमजद खान नहीं रहे। समय किसी के लिए नहीं रुकता। धर्मजी और हेमाजी मेरे घर के पीछे रहते हैं। धर्मजी मेरी दीवार के पीछे हैं और हेमाजी कुछ दूरी पर हैं और हम कभी एक-दूसरे से नहीं मिलते।”
उन्होंने कहा, “कितना अजीब है कि हम किसी कार्यक्रम में ही मिल पाते हैं।”
सारेगामा द्वारा अल्बम के अनावरण के अवसर पर हेमा ने कहा, “कला और मनोरंजन मुझे आगे बढ़ाता है यह इसका हिस्सा है। मैंने इससे पहले अपनी गायन प्रतिभा की खोज नहीं की थी और मैं दर्शकों को अपना यह पक्ष दिखाने के लिए उत्साहित हूं। उम्मीद है कि वह मुझ पर अपना प्यार बरसाते रहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath