लॉस एंजेलिस, 17 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारत को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने जा रही हैं। वह 1990 के मशहूर टेलीविजन धारावाहिक ‘बेवॉच’ पर बनने वाली फिल्म ‘बेवॉच’ में खलनायिका होंगी।
प्रियंका इस फिल्म के जरिए हॉलीवुड फिल्मों में अपनी पारी की शुरुआत करने जा रही हैं।
फिल्म के एक अन्य चर्चित कलाकार ड्वेन जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए इसकी घोषणा की।
जॉनसन ने वीडियो में कहा, “वह दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। खूबसूरत प्रियंका चोपड़ा ‘बेवॉच’ में आपका स्वागत है।”
वीडियो में जॉनसन प्रियंका के साथ समुद्र किनारे नजर आ रहे हैं।
वेबसाइट ‘पीपुल डॉट कॉम’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बेवॉच’ में वह विक्टोरिया लीड्स के किरदार में नजर आएंगी।
अमेरिकी धारावाहिक ‘क्वांटिको’ में अपने किरदार से वाहवाही लूट चुकीं प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा, “और अब आप सभी को आधिकारिक तौर पर बताने का समय आ गया है। यह ‘बेवॉच’ है। मैं खलनायिका की भूमिका सबसे अच्छी तरह निभाती हूं।”
प्रियंका फिल्म के अन्य कलाकारों के साथ अगले सप्ताह से इसकी शूटिंग शुरू करेंगी।
dharmpath.com dharmpath