हेलसिंकी, 17 फरवरी (आईएएनएस)। फिनलैंड में इस साल स्वाइन फ्लू से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
फिनलैंड के समाचारपत्र ‘इल्तसनोमत’ ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, बेहद उग्र रूप धारण कर चुकी इन्फ्लुएंजा महामारी के कारण देशभर में हर आयुवर्ग के 100 से भी अधिक लोगों को गहन चिकित्सा युनिट में दाखिल कराना पड़ा है।
इल्तसनोमत के मुताबिक, ‘तुर्कु यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल’ में संक्रमण नियंत्रण इकाई के वरिष्ठ चिकित्सक ऐसा रिंताला ने बताया कि अस्पताल में इन्फ्लुएंजा के 146 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से 19 मरीज गहन चिकित्सा युनिट में दाखिल थे।
‘हेलसिंकी यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल’ के वरिष्ठ चिकित्सक आस्को जर्विनेन के मुताबिक, इन्फ्लुएंजा संभावित मौसम अभी आधा ही बीता है और इसके मरीजों की संख्या अभी भी बढ़ रही है। जर्विनेन का अनुमान है कि किसी भी सामान्य वर्ष की तुलना में इस बार संख्या में तिगुनी बढ़ोतरी होगी।
लगभग तीन सप्ताह पहले फिनलैंड की मीडिया ने स्वाइन फ्लू के कारण पहली मौत की खबर दी थी।
dharmpath.com dharmpath