इस्लामाबाद, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने भारत में पठानकोट हवाईअड्डे के कथित हमलावरों और उन्हें उकसाने वालोंके खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
गुजरांवाला शहर में सीटीडी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसकी संख्या 06/2016 है।
समाचार पत्र ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ की रपट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि उपगृहसचिव ऐतजाज- उद्दीन की दलील पर अज्ञात आतंकवादियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मामले में हत्या, हत्या की कोशिश और आतंकवाद के आरोप लगाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि दो जनवरी को हथियारों से लैस आतंकवादियों ने पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हमला किया था। हमले में एक नागरिक सहित सात सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई थी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में छह हमलावरों को मार गिराने की बात कही थी। दोनों ओर से गोलीबारी 17 घंटे से भी अधिक समय तक चली थी।
पठानकोट मामले की जांच के लिए पाकिस्तान द्वारा गठित एक विशेष जांच दल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नसीर खान जांजुआ को उनके भारतीय समकक्ष अजित द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर संघीय सरकार से एक प्राथमिकी दर्ज करने की औपचारिक सिफारिश की है।
आंतरिक मंत्रालय ने 13 जनवरी, 2016 को अधिसूचना जारी करके एक छह सदस्यीय टीम गठित की थी। पंजाब पुलिस की सीटीडी के प्रतिष्ठित प्रमुख राय तहीर टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
दस्तावेज के मुताबिक, टीम ने तीन बैठकें कीं थीं, जिनमें भारत की ओर से दी गई जानकारी का मूल्यांकन किया गया और घटना में भारत के कथन की आंशिक पुष्टि की गई।
सूत्रों का दावा है कि टीम ने अभी तक जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर से पूछताछ नहीं की है। उसे किसी न्यायिक औपचारिकता के बिना ही अनौपचारिक सुरक्षात्मक हिरासत में ले लिया गया था।
दावा किया गया है कि जांजुआ चल रही जांच की प्रगति पर निरंतर अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क में हैं।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भारत से प्राथमिकी दर्ज करने की संभावना पर बात की गई है या नहीं।
dharmpath.com dharmpath