ढाका, 22 फरवरी (आईएएनएस)। अपनी नौकरानी से मारपीट करने के मामले में बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी शहादत हुसैन और उनकी पत्नी के खिलाफ सोमवार को ढाका की अदालत में सुनवाई हुई।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के मुताबिक, महिला एंव बाल दमन निरोधक अधिकरण-5 के तहत दोनों पर आरोप तय किए गए। मामले की अगली सुनवाई 22 मार्च को होगी, जिसमें गवाहों को सुना जाएगा। दोनों अभी जमानत पर बाहर हैं।
पिछले साल सितंबर में हुसैन ने अपनी 11 साल की नौकरानी के गुम होने की रिपोर्ट लिखवाई थी।
पुलिस ने कहा था कि खानदकर मुज्जमेल हक नाम के एक शख्स को मीरपुर में एक बच्ची मिली थी जिसे वह पुलिस थाने ले आए थे। इसके बाद चार अक्टूबर तक यह दंपत्ति फरार थे।
अगले दिन हुसैन ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
शहादत ने बांग्लादेश के लिए 38 टेस्ट और 51 एकदिवसीय मैच खेले हैं। साथ ही वह छह टी-20 मैचों में भी अपने देश के लिए खेल चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath