जेनेवा, 24 फरवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त जेड राड अल हुसैन ने अमेरिका द्वारा ग्वांतानामो जेल को बंद करने की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि इस योजना पर अमल में कोई बाधा नहीं आएगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख के मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा, “ग्वांतानामो जेल मानवाधिकार पर एक धब्बा है। यह पिछले 14 सालों से अमेरिका पर भी एक दाग है, जिसका सहारा लेकर कई दमनकारी शासकों ने भी अपने गलत कदमों को न्यायोचित ठहराने की कोशिश की।”
संयुक्त राष्ट्र अधिकारी ने कहा कि ग्वांतानामो के कैदियों को अमेरिका या अन्य दूसरे देशों की सामान्य जेलों में स्थानांतरित किया जाए और उन पर नागरिक अदालतों में निष्पक्ष ढंग से मुकदमा चलाया जाए।
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंगलवार को ग्वांतानामो खाड़ी में स्थित नजरबंदी शिविर को बंद करने की योजना का खुलासा किया था।
व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा था कि ग्वांतानामो में फिलहाल 91 आरोपी बंद हैं। इनमें से कुछ को दूसरी जेलों में भेजा जाएगा। उनका प्रशासन उन कैदियों पर विचार करेगा, जो दूसरी जेलों में भेजे जाने योग्य नहीं हैं और जिनसे खतरा है। उन कैदियों की भी पहचान की जाएगी, जिन पर सैन्य ट्रायल चलाने की जरूरत है।
dharmpath.com dharmpath