मलयालम फिल्मकार राजेश पिल्लई का निधन (लीड-1)

कोच्चि, 27 फरवरी (आईएएनएस)। मलयालम फिल्मकार राजेश पिल्लई का यहां शनिवार को निधन हो गया। वह 41 साल के थे। उन्होंने यहां एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

फिल्मकार के एक करीबी सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “पी.वी.एस. अस्पताल में पूर्वाह्न् करीब 11.40 बजे उनका निधन हो गया।”

पिछले कुछ महीनों में उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सूत्रों के अनुसार, “वह कल (शुक्रवार) से गंभीर स्थिति में थे। वह लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे और उन्हें लीवर प्रत्यारोपण कराना था, जिसे उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘वेत्ताह’ के कारण टाल रखा था। यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।”

फिल्म ‘वेत्ताह’ के निर्माण के दौरान वह निमोनिया से भी पीड़ित हो गए, जिसके बाद उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई।

राजेश ने अपने करियर में पांच फिल्मों में काम किया है। उन्होंने कई नए चेहरों को फिल्मों में मौका दिया।

उन्होंने 2005 में फिल्म ‘हृदयथिल सुक्षिक्कन’ के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी एक अन्य फिल्म ‘ट्रैफिक’ 2011 में आई, जो उन्हें लोकप्रियता की नई ऊंचाइयों पर ले गई।

इसके बाद उन्होंने लोकप्रिय फिल्म ‘मिली’ का निर्देशन किया। यह फिल्म 2015 में रिलीज हुई। उन्होंने पिछले साल ‘ट्रैफिक’ फिर हिंदी में बनाई।

फिल्म ‘वेत्ताह’ की शूटिंग के दौरान वह अक्सर बीमार रहे और कई बार वह सीधे अस्पताल से शूटिंग सेट पर पहुंचे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493