पेरिस, 4 मार्च (आईएएनएस)। यूक्रेन, रूस, फ्रांस और जर्मनी के विदेश मंत्री इस साल जून के अंत में पूर्वी यूक्रेन में चुनाव कराने पर राजी हो गए हैं। यह जानकारी फ्रांस के वरिष्ठ राजनयिक ज्यां-मार्क ऐरॉल्ट ने गुरुवार को दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ऐरॉल्ट ने कहा, “चारों देशों के विदेश मंत्रियों ने इस साल जून के अंत तक यूक्रेन में निकाय चुनाव कराने के लिए निर्वाचन कानून को अपनाने के महत्व को रेखांकित किया है। “
यूक्रेन के विदेश मंत्री पावलो क्लिमकिन ने भावी चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की आवश्यकता पर जोर दिया।
ऐरॉल्ट ने बताया कि विदेश मंत्रियों ने अभी से लेकर 30 अप्रैल तक के बीच में जेल में बंद सभी कैदियों और अवैध रूप से हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने और उनकी अदला बदली करने के लिए भी कहा।
पेरिस बैठक मिंस्क शांति समझौता को लागू करने के लिए की गई थी। यह समझौता पिछले साल फरवरी महीने में बेलारूस में फ्रांस और जर्मनी की मध्यस्थता में हुआ था। समझौते में पूर्वी यूक्रेन में युद्ध विराम के साथ-साथ राजनैतिक, आर्थिक और सामाजिक उपाय करने की बात कही गई थी।
समझौते के अनुसार पूर्वी यूक्रेन में चुनाव यूरोपीय सुरक्षा एवं सहयोग संगठन (ओएससीई) के प्रतिमानों के अनुरूप और इसी संगठन की निगरानी में होना चाहिए।
पूर्वी यूक्रेन में संकट की शुरुआत अप्रैल 2014 में तब हुई थी जब यूक्रेन सरकार ने विद्रोहियों के कब्जे से शहरों और कस्बों को वापस लेने के लिए उनके खिलाफ हमला बोल दिया था। इस संघर्ष में अब तक 9000 लोग मारे जा चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath