भारत का वीजा न मिलने से अमेरिकी धार्मिक संस्था निराश

वाशिंगटन, 4 मार्च (आईएएनएस)। यूएस कमीशन आन इंटरनेशनल रिलीजस फ्रीडम (यूएससीआईआरएफ) ने भारत दौरे के लिए वीजा देने से इनकार करने पर निराशा जताई है। यह संस्था विदेश में धार्मिक आजादी की निगरानी करती है। संस्था का कहना है कि भारत दौरे की उसकी योजना बहुत पहले की है।

संस्था ने कहा है कि आयोग की यात्रा का मकसद बातचीत और भारत में धार्मिक आजादी की स्थिति का आकलन करना है।

यूएससीआईआरएफ के अध्यक्ष राबर्ट पी. जॉर्ज ने एक बयान में कहा, “भारत सरकार द्वारा वीजा देने से इनकार करने से हम लोग बहुत निराश हैं।”

जॉर्ज ने कहा है, “एक बहुलतावादी, गैर सांप्रदायिक, लोकतांत्रिक देश होने और अमेरिका के करीबी साझीदार के रूप में भारत को हमारी यात्रा की इजाजत देने का विश्वास होना चाहिए था।”

उन्होंने कहा कि यूएससीआईआरएफ पाकिस्तान, सऊदी अरब, वियतनाम, चीन और बर्मा सहित ऐसे कई देशों का दौरा कर चुका है जहां धार्मिक आजादी का सर्वाधिक उल्लंघन होता है।

उन्होंने कहा, “अपेक्षा यह की जाती है कि भारत सरकार इन देशों से अधिक पारदर्शिता की इजाजत देगी और सीधे यूएससीआईआरएफ को अपने विचारों से अवगत कराने के अवसर का स्वागत करेगी।”

इस आयोग के प्रतिनिधिमंडल को चार मार्च को भारत रवाना होना था। उसे अमेरिकी विदेश मंत्रालय और नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास का भी समर्थन था।

जॉर्ज ने कहा है, “यूएससीआईआरएफ भारत दौरे की कोशिश जारी रखेगा। उसे धार्मिक समुदायों, नागरिक समाज के गुटों और गैर सरकारी संगठनों की ओर से ऐसी रिपोर्ट मिल रही है कि वर्ष 2014 से भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति खराब होती जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493