कुआलालंपुर, 4 मार्च (आईएएनएस)। मलेशिया एयरलाइंस के लापता एमएच 370 विमान के मुसाफिरों के कई परिजनों ने हर्जाने के लिए एयरलाइन के खिलाफ मुकदमा दायर करने की समयसीमा खत्म होने से पहले अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
मॉन्ट्रियल संधि के मुताबिक किसी एयरलाइन के खिलाफ यात्रा की तिथि या गंतव्य तक पहुंचने की तिथि के दो सालों के अंदर मुकदमा दायर किया जा सकता है।
चैनल न्यूज एशिया ने बताया कि शुक्रवार को कुआलालंपुरउच्च न्यायालय में कुल 11 मुकदमे दायर किए गए। इनमें लापता विमान के यात्रियों के परिजनों ने विमान सेवा, सरकार और अन्य संबंधित संस्थाओं से हर्जाने की मांग की है।
8 मार्च को मुकदमा दायर करने की समयसीमा खत्म होने से पहले कई और मुकदमे दर्ज होने की संभावना है।
मलेशियन एयरलाइन की उड़ान एमएच 370, जो एक बोइंग 777-200 ईआर विमान था, 8 मार्च 2014 को कुआलालंपुर से बीजिंग की उड़ान के दौरान लापता हो गया था। इस विमान में कुल 239 लोग सवार थे। दो सालों से दक्षिणी भारतीय महासागर में इस विमान की खोजबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
dharmpath.com dharmpath