लॉस एंजेलिस, 4 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो ने बताया कि वह फिल्म ‘जंगल बुक : ऑरिजिन्स’ में मॉग्ली को गोद ली हुई मां की भूमिका में नजर आएंगी।
भारतीय अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो ने वॉर्नर ब्रॉस की फिल्म ‘जंगल बुक : ऑरिजिन्स’ में अपनी भूमिका के बारे में वेबसाइट ‘इटीऑनलाइन डॉट कॉम’ को बताया। यह फिल्म रुडयार्ड किपलिंग के उपन्यास पर आधारित है।
फ्रीडा ने कहा, “मैं मॉग्ली को गोद ली हुई मां के किरदार में हूं, इसलिए मैं बहुत उत्साहित हूं।”
उन्होंने कहा, “मैंने ‘द जंगल बुक..’ पढ़ी है और मैं भारत में इसी नाम का टेलीविजन धारावाहिक देखकर बड़ी हुई हूं। इस फिल्म में भाग लेना बचपन को याद करने जैसा है।”
फ्रीडा ने कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि यह ऐसी फिल्म है, जिसके लिए उम्र मायने नहीं रखती। आप इस फिल्म का आनंद लेंगे।”
एंडी सर्किस द्वारा निर्देशित फिल्म सिनेमाघरों में अक्टूबर 2017 को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath