फिनिशर की भूमिका निभाता रहूंगा : धौनी

कोलकाता, 8 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने मंगलवार को कहा कि वह आगामी टी-20 विश्व कप में भी फिनिशर की भूमिका अदा करते रहेंगे।

धौनी ने रविवार को बांग्लादेश के साथ हुए एशिया कप फाइनल मैच में अंतिम 6 गेंदों पर 20 रन बनाकर अपनी टीम को छठी बार खिताब दिलाया था।

धौनी ने एशिया कप लेकर स्वदेश लौटने के बाद कहा, “बल्लेबाजी मुझे पसंद है। अगर बल्लेबाजी के दौरान पर्याप्त मौका मिले तो और भी अच्छा है। टीम के संयोजन को ध्यान में रखते हुए मैं 90 फीसदी मौकों पर वही भूमिका निभाना चाहूंगा, जो मैंने एशिया कप के दौरान निभाई थी। मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं।”

धौनी ने टीम को बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल के लिए हमेशा तैयार रहने को कहा। बकौल धौनी, “टीम का हर एक सदस्य अपनी जिम्मेदारी समझता है। अगर आपमें इसे स्वीकार करने की क्षमता है तो फिर आप एक बेहतर टीम के सदस्य हो सकते हैं।”

यह पूछे जाने पर कि क्या फिनिशर के तौर पर विराट कोहली को अपने उत्तराधिकारी के तौर पर देखते हैं, धौनी ने कहा, “मेरे लिए निचले क्रम पर खेलने वाला बल्लेबाज फिनिशर होता है। कोहली तीसरे क्रम पर खेलते हैं। वह आमतौर पर दूसरों के लिए मैच बनाते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493