कैनबरा, 8 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल की लोकप्रियता घटकर सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। नवीनतम जनमत सर्वेक्षण में मंगलवार को यह खुलासा हुआ।
सर्वेक्षण के मुताबिक, सितम्बर 2015 में टर्नबुल के सत्ता में आने के बाद से प्रधानमंत्री के प्रति लोगों की असंतुष्टि उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में संघीय चुनाव से कुछ ही महीने पहले किए गए चुनाव सर्वेक्षण के मुताबिक गठबंधन सरकार और विपक्ष, दोनों के ही जीतने की संभावना 50-50 फीसदी है।
टर्नबुल की लोकप्रियता सबसे निचले स्तर तक पहुंचने के साथ विपक्ष के नेता बिल शॉर्टन की लोकप्रियता बढ़ रही है।
आर्थिक विकास के सकारात्मक आंकड़ों और पिछले सप्ताह के व्यापक रूप से स्वीकारे गए रक्षा श्वेत पत्र के बावजूद चुनाव सर्वेक्षण का यह नतीजा निकला है।
कर नीति पर सरकार की हिचकिचाहट और गठबंधन पार्टियों के बीच मतभेदों पर 1,815 से भी ज्यादा लोगों ने असंतुष्टि का संकेत दिया है।
प्रधानमंत्री के तौर पर टर्नबुल के प्रदर्शन में पिछले पखवाड़े में चार अंकों की गिरावट आई है। लेकिन, उनके सत्ता में आने के बाद पहले चुनाव सर्वेक्षण के बाद से यह गिरावट 16 अंकों की है।
घटती लोकप्रियता के बावजूद टर्नबुल अब भी प्रधानमंत्री के रूप में पहली पसंद हैं। शॉर्टन से वह 55-21 की बढ़त पर हैं।
शॉटर्न ने कहा कि मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता और बढ़ेगी क्योंकि ‘लिबरल पार्टी में चल रहे आंतरिक मतभेदों’ के कारण ‘ विभाजन,असक्रियता और अव्यवस्था’ जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री ने इससे पूर्व अगस्त या सितम्बर में ऑस्ट्रेलिया में चुनाव होने का संकेत दिया था।
dharmpath.com dharmpath