ईरानी ट्रॉफी : 299 रनों की बढ़त के साथ मुंबई मजबूत स्थिति में

मुंबई, 8 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई क्रिकेट टीम ईरानी ट्रॉफी के मुकाबले में शेष भारत के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। मैच के तीसरे दिन मुंबई ने शेष भारत पर 299 रनों की बढ़त बना ली है। शेष भारत की टीम, मुंबई की पहली पारी के 603 के स्कोर के सामने अपनी पहली पारी में 306 रन ही बना सकी।

शेष भारत की तरफ से करुण नायर (94) ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला।

मुंबई ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर दो रन बनाए थे। मुंबई की तरफ से आउट होने वाले बल्लेबाज अखिल हेरवाडकर (1) थे। उन्हें दिन की अंतिम गेंद पर जयंत यादव ने आउट किया। पहली पारी में शतक लगाने वाले दूसरे सलामी बल्लेबाज जय बिस्टा एक रन पर नाबाद लौटे।

इससे पहले अपने तीसरे दिन के स्कोर एक विकेट पर 36 रन से आगे खेलने उतरी शेष भारत की टीम को जल्दी ही दिन का पहला झटका लगा। फैज फजल (18) को शार्दूल ठाकुर ने पवेलियन भेजा। इसके बाद जयंत (46) ने सुदीप चटर्जी (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला।

जयंत 110 के कुल स्कोर पर और चटर्जी 126 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। कप्तान नमन ओझा (2) कुछ खास नहीं कर सके और जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद करुण नायर (94) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले शेल्डन जैक्सन (37) के साथ छठे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। उसके बाद जयदेव उनादकट (48) के साथ 91 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की।

नायर छह रन से अपने शतक से चूक गए। उन्हें धवल कुलकर्णी ने पवेलियन भेजा। नायर ने अपनी पारी में 192 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए। अंतिम बल्लेबाज अंकित राजपूत चोट के कारण मैदान पर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे और शेष भारत की टीम 306 रन बना कर पवेलियन लौट गई।

मुंबई की तरफ से सबसे ज्यादा तीन विकेट अभिषेक नायर ने लिए। इकबाल अब्दुल्ला और जय बिस्टा को दो-दो विकेट मिले। ठाकुर और कुलकर्णी एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493