मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म ‘वॉरियर सावित्री’ की टीम ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार को नेत्रहीन लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया।
प्रमुख अभिनेत्री निहारिका रायजदा ने नेत्रहीन लड़कियों को प्रशिक्षण सत्र में नेतृत्व किया।
निहारिका ने कहा, “फिल्म में कराटे का काफी इस्तेमाल किया गया है। एक महिला होने के नाते आपको आत्मरक्षा करनी आनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में आपको अपनी रक्षा के लिए सक्षम होना चाहिए।”
अभिनेत्री ने कहा, “यह गर्व का विषय है कि मैं अपनी कराटे की शिक्षा किसी के साथ बांट सकती हूं। हर महिला को आत्मरक्षा और मार्शल आर्ट्स आना चाहिए। इस मुश्किल समय में जब हम दुष्कर्म मामलों और लड़कियों पर हमलों की खबरें सुनते हैं, हमें ऐसी कलाएं सीखनी और सिखानी चाहिए।”
फिल्म ‘महाभारत’ की सत्यवान-सावित्री की कथा पर आधारित है और निहारिका ने इसमें अपने पति सत्यवान की रक्षा करने वाले चरित्र सावित्री की भूमिका निभाई है। ‘उड़ान’ के अभिनेता रजत बरमेचा सत्यवान और प्रख्यात अभिनेता ओम पुरी यमराज के किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म में मशहूर अंतर्राष्ट्रीय कलाकार लूसी पिंडर, टिम मैन और रोन स्मूरेनबर्ग भी महत्वपूर्ण किरदारों में हैं।
स्कूलों में मार्शल आर्ट्स को जरूरी करने के सुपरस्टार अक्षय कुमार के आग्रह पर निहारिका ने कहा, “अगर ऐसा होता है तो यह बेहतरीन होगा।”
परम गिल निर्देशित फिल्म का निर्माण हरिंदर कांडा और उपेंद्र महेश्वरी ने किया है। फिल्म गर्मियों में रिलीज की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath