क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो और ईयू की विदेश नीति प्रमुख फेडेरिका मोघेरिनी ने क्यूबा तथा यूरोपीय संघ के बीच संबंधों को सामान्य बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को हुए समझौते के लिए एक-दूसरे को बधाई दी।
यूरोपीय संघ ने मानवाधिकार के मुद्दे पर 13 साल पहले वर्ष 2003 में क्यूबा से संबंध तोड़ने की एकतरफा घोषणा की थी।
क्यूबा और यूरोपीय संघ के बीच संबंध सामान्य बनाने को लेकर समझौता शुक्रवार को मोघेरिनी के क्यूबा दौरे के दौरान हुआ। मोघेरिनी के इस दौरे से पहले दोनों पक्षों के बीच करीब दो साल तक मानवाधिकार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने संबंध सामान्य बनाने पर सहमति जताई।
समझौते पर क्यूबा की ओर से उप विदेश मंत्री अब्देलार्दो मोरेनो और ईयू की ओर से वार्ताकार क्रिस्टीन लेफ्लर ने हस्ताक्षर किए। समझौते पर हस्ताक्षर एक समारोह में किए गए, जिसकी अध्यक्षता क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रुनो रॉड्रिग्ज और मोघेरेनी ने की।
मोघेरेनी ने इसे ‘द्विपक्षीय संबंधों में ऐतिहासिक दिन’ करार दिया। उन्होंने अमेरिका से भी क्यूबा के खिलाफ लगे दशकों पुराने प्रतिबंधों को हटाने का अनुरोध किया।
उल्लेखनीय है कि क्यूबा सरकार द्वारा कई पत्रकारों, लाइब्रेरियन और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद यूरोपीय संघ ने जून 2003 में क्यूबा से संबंध तोड़ने का एकतरफा निर्णय लिया था।
dharmpath.com dharmpath