यमन में अल कायदा के 15 आतंकवादी मारे गए

सना, 13 मार्च (आईएएनएस)। यमन के अदेन प्रांत में सऊदी अरब के नेतृत्व में हुए हवाई हमलों में अल कायदा के कम से कम 15 आतंकवादी मारे गए। एक सैन्य अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य अधिकारी ने बताया कि हवाई हमलों से मनसौरह जिले में अल कायदा के कब्जे वाले ठिकानों और वाहनों को ध्वस्त कर दिया गया।

खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “सऊदी अरब के नेतृत्व में लड़ाकू विमानों और अमेरिकी ड्रोन्स ने सफलतापूर्वक हथियारों के ठिकाने तबाह कर दिए और मनसौरह में आतंकवादियों के बड़े सरगनाओं को मार गिराया।”

अदेन के गवर्नर ऐदारस अल जुबैदी ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “सुरक्षा बलों ने सऊदी अरब की अगुवाई वाले गठबंधन के सहयोग से सुरक्षा अभियान के दूसरे चरण को पूरा किया और मनसौरह में अल कायदा के आतंकी शिविरों पर हमला किया।”

गवर्नर ने कहा, “आतंकवाद रोधी अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक कि मनसौरह में सभी उग्रवादियों का सफाया नहीं हो जाता।”

निवासियों ने बताया कि संघर्ष रविवार सुबह तीव्र हो गया और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले हेलीकॉप्टर अदेन के हवाई क्षेत्र के ऊपर मंडराते रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493