तमिलनाडु : दूसरी जाति की युवती से शादी पर दलित की हत्या (लीड-2)

चेन्नई, 14 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में राजनैतिक रूप से शक्तिशाली थेवर समुदाय की युवती से शादी करने पर एक 23 वर्षीय दलित युवक की तिरुप्पुर जिले में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीसरे वर्ष के इंजीनियरिंग छात्र वी. शंकर और 19 वर्षीया कौशल्या रविवार शाम तिरुप्पुर जिले के उदुमलाईपेट्टई शहर में घूम रहे थे। तभी अचानक तीन या चार व्यक्तियों ने शंकर पर हमला कर दिया।

अज्ञात हत्यारे बाइक पर वहां आए। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वे दंपति का पीछा कर रहे थे। फरार होने से पहले हत्यारों ने शंकर की पत्नी को पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया।

हमलावरों ने शंकर पर हंसिए से कई वार किए। उसने अस्पताल के रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस और स्थानीय निवासियों ने बताया कि हमले के दौरान सड़क पर कई लोग डर के मारे स्तब्ध खड़े देखते रहे। कुछ वहां से भाग भी गए।

शंकर के परिवार ने बताया कि वह और उसकी पत्नी खरीदारी करके लौटे रह थे कि तभी यह घटना घटी।

शंकर और कौशल्या की शादी आठ महीने पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, कौशल्या का परिवार उसके जाति से बाहर विवाह करने से नाराज था।

बदहवास कौशल्या ने बाद में एक तमिल समाचार चैनल को बताया कि वह हत्यारों को पहचान लेगी। उसने बताया कि उसे और उसके पति को कुछ लोगों ने धमकी भी दी थी।

कोयम्बटूर के अस्पताल में दाखिल कौशल्या ने बताया, “एक बार उन्होंने मेरा अपहरण करने की भी कोशिश की थी। मैने शोर मचाया जिसके बाद पुलिस ने बीच बचाव किया।”

पुलिस ने जब शंकर का शव उसके परिवार को सौंपा तब उसके परिवार और अन्य दलितों ने इस निर्मम हत्या पर आक्रोश जताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

शंकर के शोकसंतप्त पिता वेलु सामी ने पत्रकारों को बताया कि उसे लगा कि लड़की का परिवार आखिरकार उनके बेटे को स्वीकार कर लेगा।

उन्होंने कहा, “लेकिन ऐसा नहीं हुआ, हमने उसे खो दिया।”

कौशल्या के पिता ने बाद में यह जानकर अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया कि पुलिस उसकी तलाश में है। उन्होंने इस जानलेवा हमले में शामिल होने से इनकार किया है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस महिला के परिवार के कुछ अन्य सदस्यों की भी तलाश में है।

महिला जिस थेवर समुदाय की है, उसका तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी अन्नाद्रमुक से नजदीकी रिश्ता है।

पार्टी के एक प्रवक्ता ने इस बात से इंकार किया है कि हत्या का कारण जातिगत संघर्ष है।

प्रवक्ता ने चेन्नई में कहा, “यह दो परिवारों के बीच की समस्या है, दो जातियों के बीच की नहीं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493