अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल ने डॉ. जितेंद्र सिंह से भेंट की

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। अंडमान-निकोबार के उप राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ए.के. सिंह ने सोमवार को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह के पास पुदुच्चेरी के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी है। उन्होंने डॉ. सिंह से द्वीप समूह के विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से बातचीत की। डॉ. सिंह प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री भी हैं।

पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की हाल की घटनाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी। इसके अनुसार, वहां के कुछ वर्गो ने स्थानीय मांगें रखी थीं जो अभी लंबित हैं।

डॉ. सिंह ने उप राज्यपाल से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में व्यक्तिगत दिलचस्पी रखते हैं। उन्होंने पर्यटन रोजगार व राजस्व को प्रोत्साहित करने के लिए द्वीप समूह की क्षमता का अधिक से अधिक उपयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्यमंत्री सिंह ने अंडमान-निकोबार को देश के स्वतंत्रता संघर्ष के इतिहास से जुड़ा क्षेत्र बताते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने जीवन का समय सेल्युलर जेल में बिताए और इसी के परिणामस्वरूप वर्तमान पीढ़ी स्वतंत्रता और लोकतंत्र का फल ले रही है। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की द्वीपसमूह की ऐतिहासिक यात्रा की याद दिलाई।

डॉ. सिंह ने लेफ्टिनेंट जनरल सिंह को उनके द्वारा उठाए गए विषयों को संबंधित विभागों व मंत्रालयों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493