मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता छगन भुजबल को सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय ने भ्रष्टाचार से संबंधित मामले में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र सदन घोटाले को लेकर छगन भुजबल को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले सोमवार को छगन भुजबल पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए, जो उनके एवं अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज काले धन को सफेद करने के एक मामले की जांच कर रहा है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पीएमएलए के तहत एक मामला दर्ज किया है, जिसमें भुजबल तथा उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ जांच की जा रही है।
इस मामले में पूर्व मंत्री के भतीजे समीर को पिछले माह गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल समीर यहां आर्थर रोड जेल में बंद है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले माह भुजबल के बेटे पंकज से भी पूछताछ की थी।
dharmpath.com dharmpath