तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर भाजपा के 26 कार्यकर्ताओं को घायल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मार्क्सवादी पार्टी केरल में चुनाव से पहले हिंसा में संलिप्त है।
भाजपा प्रवक्ता वी. वी. राजेश ने संवाददाताओं से कहा कि माकपा मई में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जिस तरीके से बर्ताव कर रही है वह ‘हिंसा और अहंकार की भाषा बोलता है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार रात तिरुवनंतपुरम के कझाकूतम में माकपा के कार्यकर्ताओं ने केरल के पूर्व भाजपा अध्यक्ष वी. मुरलीधरन पर हमला किया।
उन्होंने कहा कि ‘हमले में हमारे 26 कार्यकर्ताओं को चोटें आईं’ और वे अस्पताल में भर्ती हैं। मुरलीधरन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
केरल विधानसभा चुनाव में सीट जीतने के लिए भरसक कोशिश कर रही भाजपा ने इस घटना के विरोध में जिले में बंद बुलाया है। स्कूलों में परीक्षाएं चलने की वजह से शैक्षणिक संस्थानों व परिवहन को बंद से बाहर रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath