मुशर्रफ ऑपरेशन कराने के लिए दुबई रवाना

इस्लामाबाद, 18 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ शुक्रवार को ऑपरेशन के लिए दुबई रवाना हो गए। गृह मंत्रालय ने एक्जिट कंट्रोल लिस्ट (ईसीएल) से उनका नाम हटाने के लिए एक अधिसूचना जारी की थी, जिसके कुछ घंटों बाद वह दुबई के लिए रवाना हो गए

मुशर्रफ ने दुबई रवाना होने से पूर्व समाचारपत्र ‘डॉन’ को बताया, “मैं एक कमांडो हूं और मुझे अपनी मातृभूमि से बेहद मोहब्बत है। मैं कुछ सप्ताह या महीनों में लौट आऊंगा।”

तमाम आरोपों से घिरे पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि वह उन पर चल रहे सभी मुकदमों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को देश के हालात से वाकिफ रखे हुए हैं और लौटने के बाद राजनीति में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि वह अपनी बीमारी का इलाज कराने विदेश जा रहे हैं, जो उन्हें पिछले एक दशक से है और जिसकी वजह से उन्हें अब कई दिक्कतें होने लगी हैं।

गृह मंत्री निसार अली खान ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को मुशर्रफ पर लगी विदेश जाने की रोक हटा ली और सरकार ने उन्हें इलाज कराने के लिए विदेश जाने देने की अनुमति दे दी है।

उनके अनुसार, मुशर्रफ ने अदालत में अपने खिलाफ सभी आरोपों का सामना करने की प्रतिबद्धता जताई है और ‘चार से छह सप्ताह में वापस आने का वादा भी किया है।’

मुशर्रफ के वकील फारोघ नसीम ने पूर्व में बताया था कि उनके मुवक्किल के लिए अपनी रीड़ की हड्डी का ऑपरेशन कराने के लिए विदेश जाना जरूरी है, क्योंकि पाकिस्तान में यह इलाज उपलब्ध नहीं है।

मुशर्रफ के खिलाफ तीन नवंबर, 2007 को देश में आपातकाल लगाने की वजह से देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है। पांच अप्रैल 2013 को मुशर्रफ की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगाते हुए उनका नाम ईसीएल में शामिल कर दिया गया था।

मुशर्रफ को देशद्रोह के मामले में 31 मार्च को तीन सदस्यीय न्यायाधीशों की एक विशेष अदालत में अपना बयान दर्ज कराना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493