मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। हाल ही में ‘रोड ट्रिप’ नामक रोमांटिक लघु फिल्म में नजर आ चुके अभिनेता ताहिर राज भसीन का कहना है कि लोग उन्हें ‘लवर ब्वॉय’ के रूप में पसंद करते हैं।
ताहिर ने कहा, “लोगों ने मुझे ‘लवर ब्वॉय’ के रूप में पसंद करने की बात कही है। यह मेरे लिए बड़ी प्रशंसा है।”
वाई फिल्म्स की लघु फिल्म में ताहिर निमरत कौर के साथ हैं। यह ‘लव शॉट्स’ नामक छह लघु फिल्मों की श्रृंखला की पहली फिल्म है।
फिल्म में ताहिर रोमांटिक किरदार में हैं, जो उनकी पिछली फिल्म ‘मर्दानी’ से बिल्कुल अलग है, जिसमें उन्होंने लड़कियों की तस्करी करने वाले अपराधी की भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा, “फिल्म ‘मर्दानी’ के लिए मिली प्रशंसा में लोगों ने कहा कि वे किरदार को नापसंद करते हैं, लेकिन इसे निभाने वाला उन्हें पसंद आया। मेरे लिए यह सबसे बड़ी प्रशंसा है, खासतौर पर महिला प्रशंसकों से मिली प्रशंसा। असल जिंदगी में मैं थोड़ा संकोची, रोमांटिक और मजाकिया हूं। इसलिए अलग तरह की भूमिकाएं निभाना मजेदार है, क्योंकि इससे आपके व्यक्तित्व के कई पहलू निकलकर सामने आते हैं।”
ताहिर को अगली बार अभिनय देव की फिल्म ‘फोर्स 2’ और ‘बाबूमोशाय बन्दूकबाज’ में देखा जाएगा। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और चित्रांगदा सिंह भी हैं।
dharmpath.com dharmpath