ओला एनसीआर में करेगी 200 करोड़ रुपये का निवेश

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। मोबाइल ऐप आधारित परिवहन कंपनी ओला ने बुधवार को कहा कि कम्पनी अगले छह महीने में दिल्ली एनसीआर में सीएनजी कैब को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रही है।

कंपनी ने कहा कि हाल ही में समाप्त हुए दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी ड्राइवर मेला ‘ओला प्रगति महोत्सव’ के दौरान ओला के प्लेटफॉर्म पर 6,000 से ज्यादा नई सीएनजी कारों को शामिल किया गया।

यहां बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के परिवहन मंत्री कपिल मिश्रा ने नए सीएनजी कारों के पहले बैच को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में ओला के पास 26,000 से ज्यादा कारें है। कम्पनी ने अपने ड्राइवर साझेदारों को पुराने वाहनों को सीएनजी वाहनों से बदलने में मदद करने के लिए कई योजनाएं पेश की हैं। आगामी महीनों में ओला अपने सीएनजी फ्लीट में माइक्रो, मिनी एवं प्राइम श्रेणियों में 2000 से ज्यादा कारें शामिल करेगी।

इस मौके पर कपिल मिश्रा ने कहा, “ओला दिल्ली को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए अपने साथ जुड़े ड्राइवरों की मदद करने हेतु तत्पर है ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने वाहनों को नई सीएनजी कारों से बदल सकें। एक जिम्मेदार कॉरपोरेट होने के नाते ओला शहर को प्रदूषण के खिलाफ लड़ने और नागरिकों को उद्यमिता में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

ओला के उपाध्यक्ष, स्ट्रैटेजिक सप्लाई इनीशिएटिव राहुल मरोली ने इस मौके पर कहा, “ओला प्रगति महोत्सव में हमें उम्मीद से बढ़कर शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इस प्रोग्राम से हजारों ड्राइवर साझेदार लाभान्वित हुए हैं और आने वाले महीनों में भी बड़ी संख्या में ड्राइवरों को फायदा पहुंचेगा। हम राज्य में सीएनजी कारों को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक हरित ईधन प्रोद्यौगिकी में 200 करोड़ रुपये निवेश की योजना बना रहे हैं।”

सितम्बर 2015 में ओला ने दिल्ली में केवल सीएनजी कारें चलाने का ऐलान किया था और तब से कम्पनी इस दिशा में प्रयासरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493