बर्लिन, 27 मार्च (आईएएनएस)। तेल, गैस और कोयले की घटती कीमतों के बाद भी नवीकरणीय ऊर्जा पर वैश्विक निवेश ने 2015 में नया कीर्तिमान बना लिया।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) की 10वीं सालाना रिपोर्ट- नवीकरणीय ऊर्जा निवेश में वैश्विक रुझान-2016 में कहा गया है कि 2015 में नवीकरणीय ऊर्जा में समग्र निवेश 286 अरब डॉलर हो गया, जो 2011 के पीछले रिकार्ड स्तर से तीन फीसदी अधिक है।
यह रिपोर्ट फ्रैंकफर्ट स्कूल-यूएनईपी कॉलेबरेटिंग सेंटर फॉर क्लाइमेट एंड सस्टेनेबल एनर्जी फायनेंस और ब्लूमबर्ग न्यू एनर्जी फायनेंस (बीएनईएफ) ने संयुक्त रूप से गुरुवार को जारी की।
रिपोर्ट के मुताबिक 2015 में वैश्विक स्तर पर 134 गीगावाट (जीडब्ल्यू) नई नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता तैयार हुई, जो 2014 में 106 जीडब्ल्यू और 2013 में 87 जीडब्ल्यू थी।
यूएनईपी के कार्यकारी निदेशक अचिम स्टीनर ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “नवीकरणीय ऊर्जा हमारी निम्न-कार्बन जीवनशैली में केंद्रीय स्थान लेता जा रहा है और 2015 में रिकार्ड निवेश इस रुझान का नया प्रमाण है। महत्वपूर्ण यह है कि 2015 में पहली बार कुल नवीकरणीय ऊर्जा निवेश विकसित देशों की तुलना में विकासशील देशों में अधिक हो गया।”
विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों में 2015 में नवीकरणीय ऊर्जा निवेश 156 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 2014 के मुकाबले 19 फीसदी अधिक है। वहीं, विकसित देशों में यह निवेश 130 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 2014 के स्तर से आठ फीसदी कम है।
dharmpath.com dharmpath