किसी का आदर्श होना सर्वाधिक सम्मान की बात : सुधा चंद्रन

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। जयपुर फुट पहन कर नृत्य करने के अपने जुनून के लिए चर्चित अभिनेत्री सुधा चंद्रन लाखों के लिए एक मिसाल बन गई हैं। उनका कहना है कि अगर कोई आपको अपना रोल मॉडल मानता है तो यह सर्वाधिक सम्मान की बात है।

भरतनाट्यम में निपुण सुधा ने प्रारंभिक जीवन में अपने पैर खो दिए थे, जिसके बाद उन्होंने जयपुर फुट से नृत्य का करिश्मा दिखाया। इसके बाद वह मनोरंजन जगत का हिस्सा बनीं और उन्हें तेलुगू फिल्म ‘मयूरी’ से काफी सराहना मिली, जो उनके निजी जीवन पर आधारित है।

सुधा ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, “मुझे लगता है कि जब लोग किसी को रोल मॉडल के रूप में देखते हैं तो यह बहुत-बड़े सम्मान की बात है। मुझे यह दुनिया छोड़ने का कोई पछतावा नहीं होगा। मेरा मानना है कि मैं जिस उद्देश्य के लिए आई थी, वह बहुत कम उम्र में पूरा हो गया।”

उन्होंने कहा, “इसलिए मैं आने वाली कई पीढ़ियों के लिए उपलब्ध नहीं भी रहूंगी, तो भी तमाम लोगों को प्रेरित करती रहूंगी। मेरी आत्मा जहां भी होगी, मुझे इससे काफी संतुष्टि मिलेगी कि लोग मेरे बारे में बातें कर रहे होंगे और अपने जीवन में मेरा अनुसरण कर रहे होंगे।”

सुधा ने पिछले साल टेलीविजन चैनल कलर्स पर धारावाहिक ‘नागिन’ के साथ छोटे पर्दे पर वापसी की। इसमें उनकी भूमिका सकारात्मक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493