नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय और तेज गेंदबाज डेविड विले को भारत में जारी टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के साथ मैच के दौरान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया और इसके तहत उन पर जुर्माना लगाया गया है।
श्रीलंका के साथ मुकाबले के दौरान 39गेंदों पर 42 रन बनाने वाले रॉय को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.5 (अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर निराशा जताना ) का दोषी पाया गया है।
आईसीसी ने रविवार को कहा, “रॉय ने दो बार अंपायर के फैसले पर असहमति जताई और इसके लिए उनकी मैच फीस पर 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।”
विले ने 26 गेंदों में दो विकेट लिए और इस दौरान उन्हें आचार संहिता के अनुच्छेद 2.1.7 का दोषी पाया गया, जिसके अनुसार अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक भाषा, कार्यो और इशारों का इस्तेमाल करना अपराध है।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज को तीसरे ओवर में बल्लेबाज मिलिंदा श्रीवर्धना के साथ बुरे बर्ताव से पेश आते, आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते और उन्हें गलत इशारे करते देखा गया। इसलिए उनकी मैच फीस पर 15 प्रतिशत का जुर्माना लगा है।
मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने अपनी गलतियां कबूल की और मैच रेफरी जैफ क्रू द्वारा लगाए गए जुर्माने को भी स्वीकार किया।
dharmpath.com dharmpath