बीजिंग, 30 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन दावेदार डोनाल्ड ट्रंप डेमोक्रेट दावेदार हिलेरी क्लिंटन के मुकाबले चीन में अधिक लोकप्रिय हैं।
ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक यह जानकारी एक सर्वेक्षण से मिली है जिसे रविवार को जारी किया गया। ट्रंप ने अमेरिका की वर्तमान आर्थिक हालत के लिए कई बार चीन को जिम्मेदार ठहराया है। लेकिन, उन्हें सर्वेक्षण में 54 फीसदी लोगों ने पसंद किया।
विषेशज्ञ ली फू का कहना है, “वह एक व्यावहारिक व्यापारी हैं। ट्रंप अमेरिका की आर्थिक समस्याओं और चीन के साथ व्यापार घाटे के लिए सीधे चीन को जिम्मेदार ठहरा देते हैं।”
यह सर्वेक्षण वेबसाइट हुआंगक्यू़डॉटकॉम ने ऑनलाइन करवाया था और इसमें रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार की चीन में लोकप्रियता में बढो़तरी नजर आई। यह लोकप्रियता चीन में ‘ट्रंप फैन क्लब’ और ‘ग्रेट मैन डोनाल्ड ट्रंप’ जैसे ऑनलाइन फैन क्लबों के होने से भी जाहिर हो रही है।
चीन में हिलेरी की लोकप्रियता में कमी का मुख्य कारण उनके विदेश मंत्री रहने के दौरान अमेरिकी की विदेश नीति में एशिया प्रशांत क्षेत्र को ध्यान में रखकर किया गया परिवर्तन है जिसे उनके बाद आए जॉन केरी ने भी आगे बढ़ाया है। चीनियों को लगता है कि अमेरिका के अलावा पड़ोसियों फिलीपींस, वियतनाम और जापान के साथ तनाव में हुई बढ़ोतरी के लिए हिलेरी ही जिम्मेदार हैं।
ग्लोबल टाइम्स में इसी महीने प्रकाशित एक लेख में ट्रंप की काफी आलोचना की गई थी। उन्हें नस्लवादी और अतिवादी करार दिया गया था और चेतावनी दी गई थी कि अगर वह अमेरिका के राष्ट्रपति पद तक पहुंच जाते हैं, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
dharmpath.com dharmpath