देश के सामने तीन बड़ी चुनौतियां : जेटली

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को कहा कि देश के सामने तीन बड़ी चुनौतियां हैं- सिकुड़ते वैश्विक व्यापार के बीच निर्यात बढ़ाना, निजी निवेश बढ़ाना और लगातार दो साल कमजोर मानसून के बाद इस साल बेहतर मानसून की उम्मीद करना।

वित्त मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक जेटली ने बुधवार को आस्ट्रेलिया दौरे के दूसरे दिन सिडनी में विदेश मंत्री जुली बिशप से मुलाकात के दौरान ये बातें कहीं। जेटली आस्ट्रेलिया चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं।

जेटली ने कहा कि भारत में विभिन्न क्षेत्रों में विदेशी निवेश की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। इनमें अन्य क्षेत्रों के साथ रेलवे और रक्षा उपकरण निर्माण के क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की मंजूरी दी गई है।

मंत्री ने मौजूदा भारत सरकार द्वारा 22 महीने के दौरान आर्थिक सुधार के उठाए गए कदमों और पहल के बारे में बातचीत की और ऑस्ट्रेलिया के उद्योगपतियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

आस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री जुली बिशप ने कहा कि आस्ट्रेलिया भारत को विभिन्न तरह की सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इनमें अन्य क्षेत्रों के अलावा नवाचार, अनुसंधान और विकास तथा डिजाइनिंग, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रमुख हैं।

वित्त मंत्री ने बताया कि भारत में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है। जेटली ने यूरेनियम आपूर्ति के लिए नागरिक नाभिकीय सहयोग पर प्रशासनिक व्यवस्था करने के लिए आस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री को धन्यवाद दिया।

दोनों नेताओं ने विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक विकास पर चर्चा की। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क के महत्व पर प्रकाश डाला और आस्ट्रेलिया में होने वाले फेस्टिवल ऑफ इंडिया तथा बढ़ते पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का स्वागत किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493