कोलंबो, 30 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका ने बुधवार को कहा कि देश के उत्तरी हिस्से में सुरक्षा बलों द्वारा एक घर से एक आत्मघाती जैकेट और विस्फोटक बरामद किए जाने के बाद भी देश की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
आत्मघाती जैकेट के अलावा चावकछेरी कस्बे में स्थित एक घर से पुलिस ने विस्फोटक और गोलियां बरामद की हैं। देश के उत्तरी हिस्से में कभी तमिल विद्रोहियों का दबदबा हुआ करता था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रक्षा सचिव करुणासेना हेतीयारच्छी ने कहा कि विपक्ष के इन आरोपों के बावजूद राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है कि तमिल लड़ाके एक बार फिर संगठित होने की कोशिश कर रहे हैं।
हेतीयारच्छी ने कहा, “हमने युद्ध के दौरान लिट्टे द्वारा छुपाए गए विभिन्न प्रकार के सभी गोला बारूद बरामद किए थे। इसलिए हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरे का सवाल ही नहीं उठता।”
विपक्षी सांसद और पूर्व राष्ट्रपति के बेटे नमल राजपक्षे ने बुधवार को ट्वीट किया कि आत्मघाती जैकेट और विस्फोटक मिलने से पता चलता है कि तमिल विद्रोही दोबारा से खुद को संगठित करने की कोशिश कर रहे हैं।
लेकिन, हेतीयारच्छी ने कहा कि इन विस्फोटकों का मिलना कोई बड़ी बात नहीं है क्योंकि युद्ध के समय विद्रोहियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक मिलते रहते हैं।
श्रीलंका में सशस्त्र संघर्ष के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल इलम (एलटीटीई) अपने विरोधियों को निशाना बनाने के लिए आत्मघाती बमों का इस्तेमाल करता था। सशस्त्र संघर्ष 2009 में एलटीटीई की हार के साथ समाप्त हो गया।
dharmpath.com dharmpath