टी-20 विश्व कप : भारत को हराकर वेस्टइंडीज फाइनल में पहुंचा

मुम्बई, 31 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी टी-20 विश्व कप 2016 का फाइनल वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। वेस्टइंडीज ने गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत को सात विकेट से हराकर कोलकाता में रविवार को होने वाले फाइनल में खेलने की योग्यता हासिल की।

भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारने के बाद विराट कोहली (नाबाद 89) की बेहतरीन पारी की मदद से 3 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी कैरेबियाई टीम ने 19.4 ओवरों में तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

वेस्टइंडीज की जीत के हीरो रहे लेंडल सिमंस (नाबाद 83 रन, 51 गेंद, सात चौके, पांच छक्के) और जानसन चार्ल्स (52 रन, 36 गेंद, सात चौके, 2 छक्के)। इन दोनों ने 19 रन के कुल योग पर क्रिस गेल (5) और मार्लन सैमुएल्स (8) के विकेट गिरने के बाद तीसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़कर अपनी की जीत का आधार तय किया।

चार्ल्स 116 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए लेकिन दो बार जीवनदान हासिल करने वाले सिमंस ने आंद्रे रसेल (नाबाद 43 रन, 20 गेंद, तीन चौके, 4 छक्के) के साथ मिलकर अपनी टीम को जीत तक पहुंचा दिया। सिमंस और रसेल ने 39 गेंदों पर 80 रन जोड़े।

वेस्टइंडीज दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। उसने 2012 में यह खिताब जीता था। दूसरी ओर, इंग्लैंड भी दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। उसने भी 200 में यह खिताब जीता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493