पेरिस हमला : ‘सालेह ने खुद को उड़ाने से इंकार किया था’

पैरिस, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पेरिस हमलों के प्रमुख संदिग्ध सालेह अब्दसलाम के भाई का कहना है कि सालेह ने लोगों को बचाने के लिए खुद को बम से न उड़ाने का फैसला किया था।

बेल्जियम की जेल में सालेह से मिलने के बाद उसके भाई मोहम्मद अब्दसलाम ने फ्रेंच टेलीविजन चैनल ‘बीएफएमटीवी’ से बातचीत के दौरान यह बात कही।

सालेह फिलहाल बेल्जियम की जेल में बंद है, और वह फ्रांस द्वारा प्रत्यर्पण का इंतजार कर रहा है।

टेलीविजन चैनल ‘बीबीसी’ की रपट के अनुसार, पिछले साल 13 नवंबर को पेरिस में हुए विस्फोट और बम हमलों में 130 लोगों की मृत्यु हुई थी।

सालेह को बेल्जियम में पिछले माह 22 मार्च को हुए ब्रसेल्स हमलों से चार दिन पहले गिरफ्तार किया गया था, जिसमें 34 लोग मारे गए थे।

पुलिस का मानना है कि इन दोनों शहरों में हुए हमलों के पीछे एक ही आतंकवादी नेटवर्क शामिल है।

फ्रांस की राष्ट्रीयता वाला बेल्जियम निवासी सालेह ब्रसेल्स में चार महीनों से छुपा हुआ था। इसकी गिरफ्तारी के बाद पेरिस हमलों में इसकी कथित भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन बेल्जियम में हुए आत्मघाती विस्फोटों के बाद उसने पुलिस वालों कोई भी जानकारी नहीं दी है।

ब्रुग्स जेल में अपने भाई से मुलाकात के दौरान सालेह ने बताया कि वह फ्रांस के अधिकारियों के साथ सहयोग करना चाहता है, क्योंकि वह फ्रांस के प्रति जवाबदेह है, बेल्जियम के प्रति नहीं।

वहीं बेल्जियम के अधिकारियों ने कहा है कि सालेह का कम से कम दो ब्रसेल्स हमलावरों के साथ संबंध है। सालेह की अंगुलियों के निशान खालिद-अल-बकराऊई द्वारा किराए पर लिए गए फ्लैट में पाए गए थे। खालिद ने ही ब्रसेल्स के मेट्रो स्टेशन पर खुद को बम से उड़ाया था।

जांचकर्ताओं ने बताया कि नाजिम लाचरावी नामक आतंकवादी उन दो हमलावरों में से एक है, जिसने ब्रसेल्स हवाईअड्डे पर खुद को उड़ाया था। पुलिस ने सितंबर माह में नाजिम को सालेह के साथ हंगरी सीमा पर एक कार में देखा था।

इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने पेरिस और ब्रसेल्स दोनों ही हमलों की जिम्मेदारी ली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493