मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से मंगलवार को मुख्य दर में कटौती करने की व्यापक उम्मीद की जा रही है।
केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने नई दिल्ली में भारतीय उद्योग परिसंघ के सालाना सत्र का उद्घाटन करते हुए कहा, “सरकार वित्तीय घाटा कम करने की योजना पर टिकी हुई है और महंगाई दर भी नियंत्रण में है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि हमारी अर्थव्यवस्था को और अधिक प्रतियोगी बनाने के लिए और अधिक प्रतियोगी ब्याज दर के साथ यह विकासक्रम जारी रहेगा।”
फरवरी की मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई ने रेपो दर को 6.75 फीसदी पर कायम रखा था। रेपो दर वह दर है, जिस पर रिजर्व बैंक वाणिज्यक बैंकों को लधु अवधि का ऋण देता है।
मंगलवार की समीक्षा से हालांकि उम्मीद की जा रही है कि रिजर्व बैंक के गवर्नर राजन रेपो दर में कम-से-कम 25 आधार अंक की कटौती करेंगे, क्योंकि आम बजट में सरकार वित्तीय घाटा कम करने की राह पर कायम रही और सरकार ने लघु बचत योजनाओं की ब्याज दर घटा दी है, साथ ही महंगाई दर भी कम है।
सरकार ने लघु बचत योजनाओं की ब्याज दर में 1.3 फीसदी तक की कटौती की है।
इंडिया रेटिंग एंड रिसर्च ने एक बयान में कहा, “आरबीआई से 25 आधार अंक की कटौती की जाने की उम्मीद की जाती है।”
उपभोक्ता महंगाई दर फरवरी में 5.18 फीसदी रही थी, जो जनवरी में 5.69 फीसदी थी। वहीं, थोक महंगाई दर लगातार 16वें महीने फरवरी में नकारात्मक दायरे में रही।
dharmpath.com dharmpath