महिला हॉकी : हाक्स बे कप में भारत का खाता खुला (लीड-1)

हेस्टिंग्स (न्यूजीलैंड), 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिलाओं ने यहां जारी हॉक्स बे कप में शनिवार को पहली जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने कनाडा को क्लासीफिकेशन मैच में 1-0 से हराया।

अब पांचवें स्थान के लिए भारत का सामना 10 अप्रैल को आयरलैंड के साथ होगा। विश्व की 13वीं वरीयता प्राप्त भारतीय महिलाओं को टूर्नामेंट में लगातार तीन हार के बाद पहली जीत नसीब हुई है।

भारत के लिए मैच का एकमात्र गोल लिलिमा मिंज ने 43वें मिनट में किया। लिलिमा ने अकेले दम पर गोल करते हुए भारत को बढ़त दिलाई।

यह मैच का एकमात्र गोल साबित हुआ। लिलिमा ने ड्रिबल करते हुए कनाडा के सर्किल में प्रवेश किया और फिर अपने शानदार शॉट के माध्यम से गोलकीपर को छकाने में सफल रहीं।

भारत को अब आयरलैंड से भिड़ना है, जिसे विश्व वरीयता क्रम में 15वां स्थान प्राप्त है। भारत यह मैच अगर जीत जाता है तो वह पांचवें स्थान के साथ अपने अभियान का समापन करेगा। और अगर हारा तो फिर छठे स्थान से संतोष करना होगा।

मैच के बाद भारतीय कोच नील हॉगुड ने कहा, “आज का मैच हमारे लिए अहम था। हमें यह मैच किसी भी हाल में जीतना था, ऐसे में मैं परिणाम से खुश हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493