नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आई-लीग में शानदार प्रदर्शन कर रहे ईस्ट बंगाल फुटबाल क्लब को लीग के अंतिम चरण में झटका लगा है। क्लब के डिफेंडर अर्नब मोंडल पर अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने दो मैच का प्रतिबंध लगा दिया है।
भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके मोंडल को एआईएफएफ की अनुशासन समिति ने आगाह किया है और उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसे उन्हें अगले सात दिनों के अंदर अदा करना होगा।
एआईएफएफ की अनुशासन समिति ने मोहन बागान के सहायक कोच शंकरलाल चक्रवर्ती पर भी दो मैच का प्रतिबंध लगाया है। उन्हें सात दिनों के भीतर 50 हजार रूपये का जुर्माना भी भरना होगा।
एआईएफएफ का यह निर्णय दो अप्रैल को मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच हुए मैच के बाद आया है।
आई-लीग के इस मैच में ईस्ट बंगाल ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। मैच के दौरन दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच कई बार कहासुनी हुई थी।
बाद में पता चला की मोंडल ने मोहन बागान के स्ट्राइकर र्कोनेल ग्लेन पर नस्लीय टिप्पणी की थी, जबकि चक्रवर्ती पर मैच रेफरी के साथ बदतमीजी करने के कारण प्रतिबंध लगाया गया है।
एआईएफएफ ने अपने बयान में कहा है, “एआईएफएफ की अनुशासन समिति ने मोंडल और चक्रवर्ती के खिलाफ मिली शिकायतों को सुनकर उनके खिलाफ फैसला लिया है।”
dharmpath.com dharmpath