लंदन, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आमतौर पर ऐसा कहा जाता है कि पैसे से सुख-सुविधाएं तो हासिल हो सकती हैं, लेकिन खुशी नहीं। एक नए शोध ने हालांकि इस कहावत को झुठला दिया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पैसे के सही इस्तेमाल से आप खुशियां भी खरीद सकते हैं।
शोध में कहा गया है कि अगर आप अपने व्यक्तित्व के अनुसार पैसा खर्च करते हैं, तो इससे आपको वास्तव में खुशी का अहसास होगा। साथ ही अपनी जरूरतों के मुताबिक खर्च करने से आपकी जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
ब्रिटेन स्थित कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के जो ग्लैडस्टोन ने बताया, “शोध में पता चला है कि पैसा और संपूर्ण व्यक्तित्व के बीच हमेशा से ही कमजोर संबंध रहा है।”
ग्लैडस्टोन ने एक अध्ययन में बताया, “हमारा शोध वास्तविक लेन-देन के आंकड़ों को खंगालते हुए इस तथ्य की नई जमीन तैयार करता है कि खर्च हमारी खुशी को बढ़ा सकता है। बशर्ते इसका इस्तेमाल सही वस्तुओं और सेवाओं पर किया जाए जो हमारे व्यकित्तव के लिए उपयुक्त होने के साथ ही हमारी मनोवैज्ञानिक जरूरतों को भी पूरा करती हों।”
यह शोध कैंब्रिज जज बिजनस स्कूल और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के साइकोलॉजिकल विभाग द्वारा ब्रिटेन की मल्टीनेशनल बैंक के सहयोग साथ किया गया था।
शोध के लिए वैज्ञानिकों ने छह महीने की अवधि तक 625 प्रतिभागियों के 76,863 लेनदेन के आंकड़ों का आकलन किया था।
यह शोध ‘साइकोलॉजिकल साइंस’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
dharmpath.com dharmpath