मिस्र में मनी होली

काहिरा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। काहिरा में शुक्रवार को सैकड़ों मिस्रवासियों और विदेशी नागरिकों ने वार्षिक होली महोत्सव का जश्न मनाया। यह कार्यक्रम भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित किया गया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, काहिरा स्पोर्टिग क्लब के खेल मैदान को इंद्रधनुष के सात रंगों से सजाया गया था, और लोग एक-दूसरे पर रंग फेंक रहे थे।

काहिरा से एक कॉलेज की छात्रा नोहा हसन ने कहा, “मैं अपने दोस्तों के साथ रंगों के त्योहार का आनंद लेने आई। मैं भारतीय संस्कृति की प्रशंसक हूं और यह कार्यक्रम मजेदार है।”

हसन नारंगी और भरे रंग की पारंपरिक साड़ी में थीं। उन्होंने कहा कि रंग लोगों का मूड बदल सकता है, क्योंकि यह सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न करता है।

कार्यक्रम में बज रही भारतीय संगीत की धुनों पर अपनी प्रतिक्रिया में हसन ने कहा, “रंग प्रकृति के प्रतीक हैं.. हाल के दिनों में मिस्र में हमारा जीवन और हमारे हालात उदासी भरे थे, इस तरह के आयोजन हमें आशा और साहस दे सकते हैं।”

हाल के वर्षो में यह त्योहार यूरोप, उत्तरी अमेरिका और मध्य पूर्व में वसंत उत्सव के रूप में प्रेम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

काहिरा में रहने वाले एक भारतीय व्यापारी ने कहा, “कार्यक्रम उत्कृष्ट और बहुत अच्छा था। मुझे जश्न मनाने आए लोगों के चेहरों पर खुशी काफी अच्छी लगी।”

उन्होंने आशा व्यक्त की कि मिस्र में होने वाले इस तरह के कार्यक्रमों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493