लीवरपूल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपा लीग में सांसों को रोक देने वाले एक बेहद रोमांचक मुकाबले में लीवरपूल ने बोरुसिया डार्टमंड को शिकस्त दे दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार रात हुए इस जादुई मुकाबले को स्टेडियम में हजारों और स्टेडियम के बाहर लाखों फुटबाल प्रशंसकों ने टेलीविजन एवं अन्य संचार माध्यमों पर दम साध कर देखा। कांटे की इस टक्कर में लीवरपूल के कोच यूरजेन क्लॉप की टीम को कभी हार नहीं मानने के रवैये के बदौलत जीत गई। मजे की बात यह है कि यही क्लॉप कुछ समय पहले डार्टमंड के कोच हुआ करते थे।
इस मुकाबले में लीवरपूल ने डार्टमंड को 4-3 से मात दी। पिछले दो मुकाबलों में कुल मिलाकर 5-4 से बढ़त बनाते हुए लीवरपूल ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
डार्टमंड ने मैच की शुरुआत इस तरह की कि आज नहीं तो फिर कभी नहीं। लीवरपूल के खिलाड़ी एक हमले को संभलाते और दूसरा हो जाता। डार्टमंड के फारवर्ड और मिडफील्डर चढ़े हुए थे। देखते ही देखते हेंड्रिक खितर्यान और पिएरे-एमेरिक ऑबामेयांग ने गोल दागते हुए टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के समय लोगों ने देखा कि क्लॉप बहुत तेजी से खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम की तरफ जा रहे हैं। मध्यांतर के उन चंद मिनटों में क्लॉप ने जो कुछ भी अपनी टीम को बताया, उसने जादू का काम कर दिया।
मध्यांतर के बाद घरेलू मैदान पर दर्शकों के लाजवाब उत्साहवर्धन के बीच लीवरपूल ने कमाल का खेल दिखाया। दिवोक ओरिगी ने लीवरपूल के लिए गोल दागा और स्कोर 2-1 हो गया।
स्टेडियम में लीवरपूल के समर्थकों का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि मार्को रियुस ने गोल दागकर डार्टमंड की बढ़त 3-1 कर दी।
लीवरपूल के स्टार खिलाड़ी कोटिनिओ ने अपना जलवा दिखाया और 66वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 3-2 कर दिया। 78वें मिनट में स्टेडियम में लीवरपूल के प्रशंसकों की खुशी आसमान पर पहुंच गई जब साखो ने गोल दागते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।
लीवरपूल की जीत में एनफील्ड स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के जोश का बहुत बड़ा योगदान रहा। एक और गोल के लिए 45 हजार दर्शकों ने लीवरपूल का हौसला बढ़ाया और मुकाबले के आखिरी समय में देजान लोवरेन ने बाजी पटलते हुए गोल दागकर लीवरपूल को 4-3 से जीत दिला दी।
यह गोल लोवरेन ने दागा। लेकिन, क्लब चेल्सी के पूर्व कोच जोस मोरिनिहो ने कहा, “गोल तो एनफील्ड ने मारा, यही एक स्टेडियम है जो गोल मार सकता है! ”
डार्टमंड के डिफेंडर मैट्स हुमेल्स ने भी स्टेडियम में लीवरपूल के दर्शकों की जोशीली भूमिका पर कहा, “हम इस अनोखे माहौल के असर में आ गए।”
dharmpath.com dharmpath