वाशिंगटन, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल बर्नी सैंडर्स ने वर्ष 2014 का अपना और पत्नी का कर रिटर्न का ब्योरा जारी किया है। सैंडर्स ने उसमें सकल घरेलू आय 205,617 डॉलर बताई है।
सैंडर्स ने आयकर का ब्योरा शुक्रवार को जारी किया। एक दिन पहले ही पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में सबसे आगे चल रहीं हिलेरी क्लिंटन ने ब्रुकलिन में बहस के दौरान उन्हें कर ब्योरा सार्वजनिक करने की चुनौती दी थी। एनबीसी की रपट के अनुसार क्लिंटन से धन लेकर दिए गए भाषणों का ब्योरा जारी करने की मांग के बाद हिलेरी ने सैंडर्स को ऐसा करने की चुनौती दी थी।
ब्योरे के अनुसार, सैंडर्स ने कुल 9,666 डॉलर राज्य को आयकर भुगतान किया, जबकि 31,825 डॉलर संघीय आयकर दिया। जिनमें से संघीय आयकर विभाग से 4,172 डॉलर उन्हें रिफंड के रूप में मिला।
दस्तावेजों से 8,900 डॉलर धर्मार्थ योगदान का पता चलता है।
घरेलू आय में 46 हजार डॉलर से थोड़ा अधिक सामाजिक सुरक्षा लाभ के रूप में है, जबकि व्यवसाय से आय 4,900 डॉलर है।
बहस के दौरान सैंडर्स ने कहा कि वह शुक्रवार को 2014 का रिटर्न सार्वजनिक करेंगे। यह दिन परंपरागत रूप से कर दिवस के रूप में जाना जाता है।
सेंटर फॉर रेस्पांसिव पॉलिटिक्स नामक शोध समूह के अनुसार, वर्ष 2012 में सैंडर्स की कुल आय 4,60,000 डॉलर थी, जिसकी बदौलत वह अमेरिकी सीनेट के 84वें सबसे धनी व्यक्ति बने थे।
dharmpath.com dharmpath