आईपीएल : प्लेसिस का अर्धशतक, पुणे ने बनाए 152 रन (लीड-1)

मोहाली (पंजाब), 17 अप्रैल (आईएएनएस)। फॉफ दू प्लेसिस (67) की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स टीम ने पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर मेजबान किंग्स इलेवन पंजाब के साथ रविवार को जारी इंडियन प्रीमियर लीग के नौवें संस्करण के 10वें और अपने तीसरे मैच में 20 ओवरों में सात विकेट पर 152 रन बनाए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पुणे की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने महज 10 रन के कुल योग पर अजिंक्य रहाणे (9) का विकेट गंवा दिया।

इसके बाद हालांकि केविन पीटरसन (15) और प्लेसिस ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। पीटरसन 65 के कुल योग पर केल एबॉट की गेंद पर आउट हुए।

पीटरसन की विदाई के बाद पुणे को तीसरा झटका भी जल्द ही लग गया। उसने 76 के कुल योग पर थिसिरा परेरा (8) को गंवा दिया। यह विकेट संदीप शर्मा ने लिया।

इसके बाद हालांकि प्लेसिस और स्टीवन स्मिथ (38) ने बेहतरीन अंदाज में खेलते हुए 46 गेंदों पर चौथे विकेट के लिए 63 रन जोड़े। स्म्थि ने 26 गेंदों पर पांच चौके लगाए।

स्मिथ का विकेट 139 के कुल योग पर गिरा जबकि प्लेसिस 149 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। प्लेसिस ने मोहित शर्मा की गेंद पर उन्हीं के हाथों कैच आउट होने से पहले 53 गेदों पर आठ चौके लगाए।

पुणे ने अंतिम पांच ओवरों में तेजी से रन बनाने के प्रयास में 43 रन बनाते हुए चार विकेट गंवाए। पंजाब की ओर से मोहित शर्मा ने तीन विकेट लिए जबकि संदीप शर्मा को दो सफलता मिली।

दोनों टीमों का यह तीसरा मैच है। पुणे ने जहां अब तक खेले गए दो में से एक मैच जीता है और एक मैच गंवाया है वहीं पंजाब को लगातार दो मैचों में हार मिली है।

आठ टीमों की तालिका में पुणे दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर है जबकि पंजाब बिना किसी अंक के सबसे नीचे है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493