जिमनास्ट दीपा करमाकर टॉप्स में शामिल

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली महिला जिमनास्ट दीपा करमाकर को सोमवार को खेल मंत्रालय के टारगेट ओलम्पिक स्कीम (टॉप्स) में शामिल किया गया है। इसके तहत दीपा को प्रशिक्षण के लिए 30 लाख रुपये मिलेंगे।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने इसकी घोषणा की। साी ने अपने ट्वीट में लिखा, “दीपा करमाकर को बधाई। ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने के साथ ही दीपा को टॉप्स में शामिल किया जाता है और अब उन्हें प्रशिक्षण के लिए 30 लाख रुपये दिए जाएंगे।”

दीपा ने रियो डी जेनेरियो में जारी अंतिम चरण के क्वालीफाईंग व टेस्ट इवेंट में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास कायम किया। एशियाई कांस्य पदक विजेता दीपा ने आर्टिस्टिक जिमनास्टिक में ओलम्पिक का टिकट हासिल किया है। दीपा ने टेस्ट इवेंट में कुल 52.698 अंक हासिल किए।

दीपा ने वॉल्ट में भी मौका हासिल किया। इस इवेंट में दीपा ने 2015 के एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य जीता था। साथ ही 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भी दीपा ने इस इवेंट में कांस्य जीता था।

दीपा न सिर्फ ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय हैं बल्कि वह 52 साल के बाद ओलम्पिक का टिकट हासिल करने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट हैं।

भारत को अंतिम बार 1964 ओलम्पिक में जिमनास्टिक में प्रतिनिधित्व मिला था। उस समय कोई क्वालीफिकेशन नियम नहीं थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493