मॉस्को, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यहां सोमवार को रूस-भारत-चीन (आरआईसी) के विदेश मंत्रियों की बैठक से पूर्व द्विपक्षीय संबंधों का जायजा लेने के लिए अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, “मॉस्को में आरआईसी सत्र से पूर्व दिन की पहली द्विपक्षीय मुलाकात। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मिलीं।”
सुषमा दो देशों के अपने दौरे के दूसरे और अंतिम पड़ाव में रविवार को राजधानी मॉस्को पहुंचीं। इससे पहले वह ईरान के दौरे पर थीं।
उन्हें रूस के उप मुख्यमंत्री दिमित्री रोगोजिन से भी मुलाकात करनी है। दिमित्री व्यापार एवं आर्थिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर सरकारी आयोग के सह-अध्यक्ष भी हैं।
सुषमा समग्र द्विपक्षीय संबंधों का जायजा लेने के लिए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मिलेंगी।
dharmpath.com dharmpath