ढाका, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को कहा कि फेडरल बैंक ऑफ न्यूयॉर्क में बांग्लादेश बैंक के खाते से 10.1 करोड़ डॉलर की चोरी में कम से कम 20 विदेशियों की संलिप्तता पाई गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, सीआईडी के अतिरिक्त उप निरीक्षक जनरल शाह आलम ने यह बात कही, लेकिन जांच के मद्देनजर उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।
सीआईडी के जांचकर्ताओं ने जांच के लिए हाल ही में श्रीलंका व फिलीपींस का दौरा किया था।
आलम ने कहा, “विदेश दौरों के दौरान हमें चोरी में शामिल उन विदेशियों के नामों का पता चला है।”
उन्होंने इस बात का तत्काल जवाब देने से मना कर दिया कि इस चोरी में किसी बांग्लादेशी का हाथ है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के फेडरल बैंक ऑफ न्यूयॉर्क में जमा बांग्लादेश बैंक के 10.1 करोड़ डॉलर की रकम को पांच फरवरी को हैकरों के एक रैकेट ने चोरी कर लिया था। रकम को श्रीलंका व फिलीपींस के खातों में स्थानांतरित किया गया था।
चोरी गई दो करोड़ डॉलर की रकम को अब तक बरामद किया जा चुका है।
dharmpath.com dharmpath