मॉस्को, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लोवरोव ने सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ इस साल की शुरुआत में रूस में हुई तीन भारतीयों की मौत की जांच की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
स्वराज ने सोमवार को लोवरोव के साथ रूस-भारत-चीन (आरआईसी) के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर द्विपक्षीय बैठक की।
बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया, “विदेश मंत्री ने तीन भारतीय नागरिकों की मौत का मामला अपने रूसी समकक्ष के साथ उठाया। यासिर जावेद की कजान में हत्या की गई थी। पूजा कल्लूर और करिश्मा उदय भोंसले स्मोलेंस स्टेट मेडिकल एकेडमी में आग लगने के दौरान मारी गई थीं।”
उन्होंने बताया कि लावरोव ने इन मामलों की जांच में हुई प्रगति के बारे में बताया।
स्वरूप ने कहा कि सुषमा और लोवरोव ने सीरिया के हालात पर भी विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने भारत और रूस के बीच अंतर सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी) के बारे में चर्चा की जिसकी अगली बैठक की मेजबानी भारत करने वाला है।
साथ ही इस साल गोवा में अक्टूबर में होने वाले ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीक) सम्मेलन के बारे में भी दोनों नेताओं ने चर्चा की। भारत ब्रिक्स का अध्यक्ष पद मिलने की उम्मीद कर रहा है। स्वरूप ने बताया, “इस संबंध में रूस ने भारत को समर्थन देने का वादा किया है।”
इससे पहले सोमवार को सुषमा स्वराज ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मिलकर चीन द्वारा संयुक्त राष्ट्र में भारत की जैश-ए-मुहम्मद सरगना मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगाने की मांग को वीटो करने का मुद्दा उठाया।
dharmpath.com dharmpath